लाडली बहनों को मिला दीपावली का तोहफा.. लेकिन भाईदूज के बाद होने जा रहा बड़ा बदलाव, जानिए इस खबर में
Sunday, Oct 12, 2025-07:50 PM (IST)
श्योपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज श्योपुर में आयोजित विशाल कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना की 29वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक से 1.26 करोड़ से अधिक लाभार्थी बहनों के खाते में ₹1541 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। दीपावली से पहले यह तोहफा मिलते ही प्रदेशभर की महिलाओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
अब हर महीने ₹1500 मिलेंगे.. सीएम का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर बड़ा ऐलान करते हुए कहा, “दीपावली के बाद से लाड़ली बहनों के खाते में हर माह ₹1500 की राशि आएगी। हमारी सरकार में बहनों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में नए-नए निवेश आ रहे हैं।” सीएम ने कहा कि अब तक एक भी बार ऐसा नहीं हुआ कि किसी बहन के खाते में राशि न पहुंची हो। पहले ₹1000, फिर ₹1250 और अब भाईदूज के बाद ₹1500 प्रतिमाह की राशि बहनों को मिलने लगेगी।
श्योपुर में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का सिंगल क्लिक से लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार का हर कदम जनता के जीवनस्तर को ऊंचा उठाने के लिए समर्पित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्योपुर की विरासत, इतिहास और संस्कृति पर आधारित पुस्तक ‘विरासत’ का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक श्योपुर के गौरवशाली अतीत और समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

