WhatsApp लिंक से सावधान! बिजली बिल योजना के नाम पर फैल रहा साइबर जाल, पावर कंपनी ने जारी की चेतावनी
Sunday, Mar 15, 2026-08:00 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचाने के लिए Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited ने सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि Mukhyamantri Bijli Bill Bhugtan Samadhan Yojana के नाम पर किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ई-मेल या एसएमएस लिंक पर क्लिक न करें।

पॉवर कंपनी के एमडी Bhim Singh ने बताया कि कंपनी अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए उपभोक्ताओं को एपीके फाइल या वेब लिंक नहीं भेजती। इसलिए योजना के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली बिल का भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें। उपभोक्ता Mor Bijli App, कंपनी की वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी बिजली कार्यालय के माध्यम से ही भुगतान करें। इसके अलावा किसी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान करने से भी बचें।
पॉवर कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को भेजे जाने वाले सभी आधिकारिक संदेश केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या अन्य सेवाओं से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी बिजली कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

