लाड़ली बहना योजना: अगले हफ्ते आ सकते हैं 1500 रुपये, ऐसे चैक करें स्टेटस

Saturday, Mar 07, 2026-05:15 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की मार्च 2026 की किस्त का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि अगले सप्ताह 10 से 15 मार्च 2026 के बीच योजना की 34वीं किस्त पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। इस किस्त के तहत प्रत्येक लाभार्थी महिला को 1500 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे खाते में भेजी जाएगी। किस्त जारी होते ही लाभार्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए सूचना मिल जाएगी।

हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। इससे पहले फरवरी 2026 की किस्त 14 फरवरी को जारी की गई थी। इसलिए माना जा रहा है कि मार्च की किस्त भी तय समय के आसपास ही जारी की जा सकती है। जिन महिलाओं ने योजना में पंजीकरण कराया है और सभी पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं, उन्हें ही अगली किस्त का लाभ मिलेगा।

e-KYC नहीं होने पर अटक सकती है राशि

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं ने अभी तक ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, उनकी किस्त रुक सकती है। इसलिए लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने बैंक खाते में आधार लिंक और डीबीटी सक्रिय स्थिति की जांच अवश्य कर लें। पात्र महिलाएं योजना के आधिकारिक पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाकर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प के माध्यम से अपनी किस्त का स्टेटस ऑनलाइन देख सकती हैं।

2023 में शुरू हुई थी योजना

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत मई 2023 में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी निर्णय क्षमता को मजबूत करना तथा स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है। योजना की पहली किस्त 10 जून 2023 को जारी की गई थी। शुरुआत में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाते थे, जिसे अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 1250 रुपये कर दिया गया। इसके बाद नवंबर 2025 से राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई।

इसके अलावा सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर भी विशेष सहायता राशि देने की परंपरा शुरू की है। अगस्त 2023, 2024 और 2025 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की गई थी। वर्तमान में सामान्य हितग्राही महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये यानी सालाना 18 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जबकि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को 900 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।

ये महिलाएं हैं योजना के लिए पात्र

लाड़ली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी महिलाओं को दिया जाता है। इसके तहत विवाहित महिलाओं के साथ-साथ निर्धन, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी पात्र हैं। योजना का लाभ पाने के लिए महिला की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होना जरूरी है। इसके अलावा लाभार्थी के नाम से बैंक खाता होना चाहिए, जिसमें आधार लिंक और डीबीटी सक्रिय हो। समग्र पोर्टल पर आधार डेटा का ओटीपी या बायोमेट्रिक के माध्यम से सत्यापन भी आवश्यक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News