जल जीवन मिशन की पोल खुली: लाखों खर्च, फिर भी सूखी टोंटियां, अधूरी योजना पंचायतों को थमाकर PHE ने झाड़ा पल्ला
Tuesday, Feb 24, 2026-07:47 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव): India में ‘हर घर नल से जल’ का सपना दिखाने वाली केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी Jal Jeevan Mission योजना रायसेन जिले में दम तोड़ती नजर आ रही है। जिला मुख्यालय से सटे गांवों में लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद घरों की टोंटियां सूखी पड़ी हैं या गंदा पानी उगल रही हैं।

अधूरी योजना का हैंडओवर, ग्रामीण परेशान
Raisen जिले के गैरतगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत हिनोतिया महलपुर में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पीएचई विभाग ने अधूरी नलजल योजना पंचायत को सौंप दी। विभाग के एसडीओ नलिन सिरोही की देखरेख में ठेकेदार द्वारा काम अधूरा छोड़ने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन और जल शुद्धिकरण व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं की गई, लेकिन कागजों में योजना पूर्ण दिखाकर विभाग ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। नतीजा... घर-घर तक स्वच्छ पानी की बजाय गंदा पानी सप्लाई हो रहा है।

रतनपुर में 10 महीने से बंद मोटर
भोपाल रोड स्थित रतनपुर गांव में स्थिति और भी खराब है। करीब 600 घरों की बस्ती में पिछले 10 महीनों से नलजल योजना की मोटर जली पड़ी है। कई शिकायतों के बावजूद मोटर नहीं बदली गई। ग्रामीणों बाल किशन, राजू आदिवासी, पूजा देवी और अधिवक्ता सनत कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया कि पानी की टंकी का निर्माण घटिया सामग्री से किया गया। ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से निम्न गुणवत्ता का काम हुआ, जिससे योजना शुरू होते ही ठप पड़ गई।
गर्मी बढ़ी, संकट गहराया
गर्मी की दस्तक के साथ जल संकट गहरा गया है। महिलाएं दूरस्थ जलस्रोतों से बर्तन भर-भरकर पानी ला रही हैं। खेतों के कुओं और हैंडपंपों पर निर्भरता बढ़ गई है।
प्रशासन से जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और खराब मोटर व जल शुद्धिकरण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा या ‘हर घर नल से जल’ का दावा कागजों तक सीमित रह जाएगा?

विभाग का पक्ष
एसडीओ नलिन सिरोही का कहना है कि योजनाओं को जल्द दुरुस्त कर पुनः शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों की भी रखरखाव में जिम्मेदारी है और उन्हें अपनी जवाबदेही समझनी चाहिए।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
बहुत काम की खबर, हड़ताल पर जा रहे हैं बैंक कर्मचारी, निपटा लें जरुरी काम, सामान्य जीवन होगा प्रभावित

