Punjab Kesari MP ads

पार्टी का पटका फेंकना बहुत कुछ कह गया...भोपाल घटना को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा

Tuesday, Feb 24, 2026-08:11 PM (IST)

भोपाल : अमेरिका–भारत ट्रेड डील के विरोध में राजधानी भोपाल में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने किसान महा चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए। सभा के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों, व्यापार नीति और कृषि हितों पर चर्चा की गई।

पटका रखने का वीडियो वायरल, बीजेपी ने साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी को पार्टी का पटका पहनाया गया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि उन्होंने भाषण शुरू करने से पहले पटका उतारकर मोड़ते हुए मंच पर रख दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे मुद्दा बना लिया। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पटका “फेंका” और इसे पार्टी का अपमान बताया। हालांकि कांग्रेस समर्थकों का कहना है कि उन्होंने पटका व्यवस्थित तरीके से रखा था, न कि अनादरपूर्वक फेंका।

बीजेपी मीडिया प्रभारी का बयान

बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “भोपाल में राहुल गांधी का अपनी ही पार्टी का पटका फेंकना बहुत कुछ कह गया। जिसे अपनी पार्टी के प्रतीक और सम्मान का मूल्य न हो, वह देश की गरिमा का सम्मान क्या करेगा?” उन्होंने इसे कांग्रेस के नेतृत्व और सोच पर सवाल बताते हुए आत्ममंथन की नसीहत दी।

सियासत गरम, बयानबाजी तेज

इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जहां बीजेपी इसे कांग्रेस नेतृत्व की गंभीरता से जोड़ रही है, वहीं कांग्रेस खेमे का कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News