Punjab Kesari MP ads

बीजेपी विधायक पर महाकाल मंदिर की जमीन हड़पने का आरोप, हाईकोर्ट पहुंचा फाइव स्टार होटल विवाद

Tuesday, May 19, 2026-01:19 PM (IST)

उज्जैन : मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला महाकाल मंदिर की जमीन से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि आलोट से बीजेपी विधायक चिंतामणि मालवीय ने सरकारी जमीन को निजी बताकर उसका सौदा किया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि संबंधित खसरा नंबर पुराने राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज थे।

फाइव स्टार होटल प्रोजेक्ट को लेकर उठे सवाल

शिकायतकर्ता का आरोप है कि महाकाल मंदिर की पार्किंग से जुड़ी जमीन पर फाइव स्टार होटल बनाने की तैयारी थी। जिस कंपनी ने जमीन खरीदी, उसके डायरेक्टर और साझेदारों में विधायक चिंतामणि मालवीय का नाम भी बताया जा रहा है। विवादित जमीन के कुछ हिस्सों का उपयोग अब भी मंदिर पार्किंग के रूप में होने का दावा किया गया है।

स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्री में गड़बड़ी का आरोप

शिकायतकर्ता पार्षद राजेंद्र कुवाल का आरोप है कि कमर्शियल जमीन को कृषि भूमि दिखाकर रजिस्ट्री कराई गई। कलेक्टर गाइडलाइन के मुताबिक जमीन की कीमत 75,400 रुपये प्रति वर्गमीटर बताई गई थी, जबकि रजिस्ट्री में 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर दर्शाए गए। इससे स्टांप ड्यूटी में बड़े नुकसान की आशंका जताई गई है।

लोकायुक्त, EOW और हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला

मामले की शिकायत लोकायुक्त, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और प्रदेश के मुख्य सचिव से की गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की गई है, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

विधायक और मंदिर प्रशासन ने दी सफाई

विधायक चिंतामणि मालवीय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जमीन की रजिस्ट्री वैध दस्तावेजों के आधार पर हुई है। वहीं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के प्रशासक का कहना है कि पार्किंग की जमीन नगर निगम की है, मंदिर की नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News