VIP कल्चर से दूर बैलगाड़ी से बारात लेकर निकले भाजपा विधायक, डिप्टी सीएम समेत कई मंत्री बने बाराती, देखें तस्वीरें
Sunday, May 31, 2026-08:06 PM (IST)
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा दीपेश साहू विधानसभा से भाजपा विधायक मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिका विवाह योजना के तहत सात फेरे लेने जा रहे हैं। विधायक की इस सादगी, सरलता और सहजता की हर ओर चर्चा हो रही है। दरअसल दीपेश साहू 31 मई को बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले 'मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना' के तहत शादी के बंधन में बंधेंगे और सिर पर सेहरा सजाएंगे। इस मौके पर CM के साथ, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और पूरा मंत्रिमंडल शामिल होने वाला है।

वहीं सात फेरे लेने से पहले विधायक की बारात बैलगाड़ी में निकली, जिसमें बाराती के तौर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अलावा अन्य मंत्री भी शामिल हुए। इस बारात में शासन के साथ साथ उनके रिश्तेदार और सगे संबंधी भी जोश खरोश के साथ शामिल हुए।
बता दें कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक दीपेश साहू की इस सराहनीय पहल की कांग्रेस नेताओं ने भी प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि पहली बार कोई वर्तमान विधायक वीआईपी कल्चर से दूर होकर अपनी शादी जैसी खास रस्म को सादगी के साथ करने जा रहा है।

वहीं 31 मई को बेमेतरा में होने वाला यह विवाह अब सिर्फ एक शादी समारोह नहीं, बल्कि राजनीतिक बहस का मुद्दा भी बन गया है। क्योंकि इस शादी समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस भी दो फाड़ होती नजर आ रही है। एक ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इस पूरे मामले को गरीबों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं की पात्रता से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस की ही नेता दीप्ति दुबे इसे सादगी, संस्कार और सामाजिक समरसता का प्रतीक बता रही हैं।

