बड़े BJP नेता के घर से निकले 15 सपोले! बाथरूम की नाली में दिखा खौफनाक मंजर, तस्वीरें वायरल
Thursday, May 28, 2026-06:30 PM (IST)
मैहर: शहर के वार्ड क्रमांक-15 में बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक पारसनाथ तिवारी के घर के बाथरूम से एक-एक कर नाग के बच्चे निकलने लगे। परिवार के लोग उस समय दहशत में आ गए, जब बाथरूम की नाली के पास एक सपोला रेंगता दिखाई दिया। शोर मचने पर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और जांच की गई तो सभी के होश उड़ गए। नाली के भीतर बड़ी संख्या में नाग के बच्चे छिपे हुए थे।
देखते ही देखते पूरे घर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इलाके में भी लोगों की भीड़ जुटने लगी। मामले की जानकारी तुरंत सर्प मित्र गफ्फार खान को दी गई। मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बाथरूम की नाली और पाइपलाइन के आसपास से कुल 15 सपोलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।रेस्क्यू के दौरान परिवार के लोग सहमे नजर आए। सर्प मित्र ने सभी नाग के बच्चों को सुरक्षित डिब्बे में बंद कर जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
पारसनाथ तिवारी ने बताया कि घर के बाहर लगे वॉशबेसिन की पाइपलाइन कुछ दिन पहले चोक हो गई थी। पाइप खोलने के बाद उसे पूरी तरह बंद नहीं किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी खुले रास्ते से नाग के बच्चे घर के बाथरूम तक पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सर्प मित्र एक-एक कर सपोलों को बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

