1 महीने से लापता BJP विधायक, परिवार घर में कैद, सांसद बोले- वे छुट्टी पर हैं.. परिवार बोला- मूसा गैंग ने दी थी धमकी

Monday, Feb 09, 2026-01:28 PM (IST)

मऊगंज: मऊगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के बीते एक महीने से लापता रहने को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मामले में अब रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


विधायक के लापता होने पर बोले बीजेपी सांसद... 
वीडियो में सांसद जनार्दन मिश्रा कहते नजर आ रहे हैं कि “हर व्यक्ति का अपना निजी जीवन होता है। जब किसी को लगातार दौड़ाया जाता है, तो वह अवकाश पर चला जाता है।” उन्होंने कहा कि विधायक प्रदीप पटेल भी शांति पाने के लिए अवकाश पर हैं और जल्द ही अपने विधानसभा क्षेत्र में लौटेंगे। सांसद ने यह भी जोड़ा कि हम सब कभी न कभी अवकाश पर जाते हैं और इसमें असामान्य कुछ भी नहीं है। हालांकि, उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

कांग्रेस बोली- सामनें आएं बीजेपी विधायक
इधर, विधायक की गैरमौजूदगी को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विनोद शर्मा ने कहा है कि विधायक सामने आएं, उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि जनता अपने जनप्रतिनिधि की स्थिति को लेकर चिंतित है और पारदर्शिता जरूरी है। बताया जा रहा है कि 3 जनवरी को मऊगंज में अग्निहोत्री परिवार की जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद से विधायक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। 6 जनवरी को एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे घर से बाहर न निकलने की बात करते दिखे थे।

वीडियो में डरे दिख रहे थे BJP विधायक प्रदीप पटेल
वायरल वीडियो में विधायक प्रदीप पटेल अपने बेटे और परिवार के सदस्यों को सख्त हिदायत देते नजर आते हैं। वे कहते हैं कि “घर से बाहर बिल्कुल मत निकलना, जरूरत हो तो सामान ऑनलाइन मंगा लेना और गेट सोच-समझकर ही खोलना।” एक महीने बाद भी स्थिति स्पष्ट न होने पर कांग्रेस ने आईजी रीवा को पत्र लिखकर मामले की जानकारी और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल, विधायक के अवकाश और उनकी सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चुकी है। वहीं बताया जा रहा है कि मूसा गैंग जो कि ड्रग्स के धंधे में शामिल है, उसने विधायक प्रदीप पटेल को धमकी दी थी, खैर सच्चाई क्या है, ये तो बाद में ही पता चलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News