MP की इस प्राइवेट यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, धमकी भरे मैसेज के बाद खाली कराया गया पूरा कैम्पस

Thursday, Feb 19, 2026-03:18 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। विश्वविद्यालय के डीन को आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि परिसर में साइनाइड (जहर) युक्त बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे। मेल में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और विद्यार्थियों को बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी।

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को अवगत कराया। एहतियातन पूरे कैंपस को खाली कराया गया। क्लासरूम, ओपीडी और प्रशासनिक भवनों से छात्रों व स्टाफ को बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध स्थानों की सघन तलाशी ली।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल की तकनीकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। संदेश किस आईडी से भेजा गया और सर्वर लोकेशन क्या है, इसकी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर इसे शरारत या फर्जी धमकी की आशंका माना जा रहा है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। धमकी की खबर फैलते ही विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा गया। निर्धारित समय तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी की पहचान की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News