Punjab Kesari MP ads

DR Hike: पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर! 3% महंगाई राहत जल्द, सरकार देने जा रही बड़ा तोहफा!

Tuesday, Mar 24, 2026-01:58 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता (DA) दिए जाने के बाद अब पेंशनरों को भी समान रूप से 3% महंगाई राहत (DR) मिलने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के अनुसार, इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को मध्यप्रदेश कैबिनेट ने 23 मार्च 2026 को मंजूरी दे दी है। बताया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 12 जनवरी 2026 को कर्मचारियों के लिए 3% डीए बढ़ाने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 9 फरवरी को पेंशनरों को भी समान लाभ देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार से औपचारिक सहमति मांगी गई थी, जो अब मिल चुकी है। ऐसे में उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द ही पेंशनरों के लिए 3% डीआर का आदेश जारी कर सकती है।

महासंघ के पदाधिकारी इस मांग को लेकर लंबे समय से सक्रिय थे और लगातार सरकार से निर्णय लेने की अपील कर रहे थे। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह राहत पेंशनरों के लिए बेहद जरूरी है, जिससे उनके दैनिक खर्चों को संभालना आसान हो सके। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 के तहत छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच पेंशन मामलों में समन्वय की व्यवस्था लागू है। इसी कारण छत्तीसगढ़ में पेंशन से जुड़े कई फैसलों के लिए मध्यप्रदेश की सहमति आवश्यक होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, महंगाई दर में लगातार वृद्धि के चलते पेंशनरों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। ऐसे में डीआर (महंगाई राहत) उनके लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित होती है, जो उनकी क्रय शक्ति बनाए रखने में मदद करती है। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद राज्यभर के पेंशनरों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News