माँ के आशीर्वाद से जनस्नेह तक: बगिया में आत्मीय माहौल में मना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिन
Saturday, Feb 21, 2026-07:27 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम Bagia में उत्साह, आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के साथ मनाया गया। अपने निवास पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री, उनकी माताजी श्रीमती जसमनी देवी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवारजनों ने श्रद्धा भाव से कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
छात्राओं को मिली क्रिकेट किट
मुख्यमंत्री ने शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की प्रतिभाशाली छात्राओं को 15 क्रिकेट किट प्रदान कीं। इन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
पहाड़ी कोरवा समाज की आत्मीय भेंट
बगीचा क्षेत्र से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद कर विकास कार्यों की जानकारी ली। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

