3 बार डॉक्टरों ने मृत बताया, अंतिम संस्कार से पहले आई हिचकी और अचानक उठकर खड़ा हो गया शख्स
Thursday, Oct 08, 2026-01:33 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा कस्बे में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करीब 65 वर्षीय शेख सलीम को डॉक्टरों द्वारा मृत बताए जाने के कई घंटे बाद जिंदा होने का दावा किया गया है। परिजनों के अनुसार, सलीम को अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए घर लाया गया था। रात करीब 1.30 बजे अचानक उन्हें हिचकी आई और शरीर में हलचल होने लगी। कुछ देर बाद उन्होंने आंखें खोलीं और उठकर बैठ गए। बाद में वह खड़े भी हुए। इसके बाद सलीम को देखने के लिए रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी।
दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल लाए, ग्वालियर रेफर किया था
सलीम के पौत्र साहिल खान गोलू के मुताबिक, बुधवार सुबह अचानक दादाजी की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर बताई गई। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर करते हुए कहा कि उनकी हालत बेहद नाजुक है और वे ज्यादा समय के मेहमान नहीं हैं। इसके बाद परिजन शाम करीब 6.30 बजे उन्हें लेकर बड़ामलहरा के लिए रवाना हो गए।
घर पहुंचकर अंतिम संस्कार की तैयारी, रिश्तेदारों को दी सूचना
परिजन सलीम को घर लेकर पहुंचे और एक कमरे में लिटा दिया। घर में अगरबत्ती जलाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ शुरू कर दी गई। अंतिम संस्कार की तैयारी करते हुए रिश्तेदारों को भी सूचना दे दी गई। कई रिश्तेदार घर पहुंच गए थे और परिवार में मातम का माहौल था।

रात 1.30 बजे आई हिचकी, इसके बाद चलने लगी धड़कन
परिजनों का दावा है कि रात करीब 1.30 बजे अचानक सलीम को हिचकी आई। इसके बाद उनके शरीर में हलचल महसूस हुई और धड़कन चलने लगी। कुछ ही देर में उन्होंने आंखें खोलीं और उठकर बैठ गए। बाद में वह खड़े भी हो गए। यह देखकर घर में मौजूद परिजन और रिश्तेदार हैरान रह गए।
'अल्लाह ने दोबारा जिंदगी दी', इबादत करते नजर आए सलीम
सलीम के जिंदा होने की खबर फैलने के बाद उन्हें देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचने लगे। परिजनों के अनुसार, सलीम अब ठीक हैं और इबादत करते हुए यह कहते नजर आए कि अल्लाह ने उन्हें दोबारा जिंदगी दी है। परिवार का कहना है कि यह पीराने पीर दस्तगीर अब्दुल कादिर जिलानी बड़े पीर साहब का महीना है और उनका विश्वास है कि बड़े पीर साहब ने उनके परिवार के सरपरस्त को दोबारा जिंदगी अता की है।
परिजन बोले- तीन बार मृत बताया गया
परिजनों का दावा है कि सलीम को अलग-अलग मौकों पर डॉक्टरों द्वारा तीन बार मृत बताया गया था। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की चिकित्सकीय स्थिति और सलीम की उस समय की वास्तविक मेडिकल कंडीशन अस्पताल के रिकॉर्ड और डॉक्टरों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजन सलीम के स्वस्थ होने की बात कह रहे हैं।

