‘इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया’ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की अचानक आई मौत की खबर, कमरे में लटका मिला शव
Monday, Sep 28, 2026-05:12 PM (IST)
सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले की युवती 'मिस प्रिटी इंडिया' रहीं 30 वर्षीय निधि तिवारी का शव फंदे से लटका मिला है। निधि मूल रूप से यूपी के बनारस की रहने वाली थीं। रविवार सुबह मोरवा थाना क्षेत्र स्थित भूसा मोड़ में घर के कमरे से निधि का शव बरामद किया गया है।
युवक से फोन पर हुई थी बात
जानकारी के मुताबिक निधि अपनी मां लता तिवारी और छोटी बहन के साथ घर पर रहती थीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुसाइड से पहले निधि की किसी युवक से फोन पर बात हुई थी। पुलिस निधि की आत्महत्या के मामले में इस तथ्य के आधार भी जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर निधि के 9 लाख से अधिक फॉलोवर्स
निधि तिवारी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर 9 लाख 28 हजार फॉलोवर्स हैं। वे यहां गानों पर रील बनाती थीं। घटना से पहले की गई एक पोस्ट में निधि ने लिखा था कि -"इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया, इसलिए कहा जाता है कि खुद से प्यार करो किसी और से नहीं खुद में खुद को तलाश करो किसी और में आखिर कब तक तलाश करोगे खुद को"
परिजनों के मुताबिक निधि तिवारी के कमरे का दरवाजा रविवार को देर सुबह तक नहीं खुला तो परिजनों ने किसी बात की आशंका से पुलिस को सूचना दी। मोरवा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया है कि घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। निधि तिवारी की आत्महत्या के पीछे मुख्य वजह क्या है पुलिस इस सवाल की तलाश में जुटी हुई है।

