दिग्विजय सिंह रामनवमी पर करेंगे राम लला के दर्शन! राम मंदिर बनने के बाद पहली बार जाएंगे अयोध्या
Tuesday, Mar 24, 2026-08:15 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रामनवमी के अवसर पर अयोध्या दौरे पर जाएंगे। यह दौरा खास माना जा रहा है क्योंकि राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार वे भगवान रामलला के दर्शन करेंगे। यह पुष्टि नहीं हो सकी कि उनकी पत्नी, पूर्व पत्रकार अमृता राय, इस यात्रा के दौरान उनके साथ होंगी या नहीं। उनके कार्यालय ने कहा कि उनके अकेले यात्रा करने की संभावना है।
रामनवमी पर अयोध्या दौरा
दिग्विजय सिंह 26 मार्च की सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से रवाना होंगे और सुबह करीब 9:40 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे और फिर राम मंदिर अयोध्या में पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही वे कनक भवन भी जाएंगे।
पहली बार करेंगे रामलला के दर्शन
राम मंदिर के शिलान्यास के बाद यह पहला मौका होगा जब दिग्विजय सिंह रामलला के दर्शन करेंगे। 2021 में, दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए 1,11,111 रुपये का दान दिया था। उन्होंने यह चेक 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' के नाम भेजा था। उन्होंने यह भी कहा था कि मंदिर पूरी तरह से बन जाने के बाद वह वहां जाकर पूजा-अर्चना करेंगे।
भाजपा विधायक का तंज
उनके इस दौरे को लेकर रामेश्वर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी कांग्रेस को निमंत्रण मिला था, लेकिन तब दिग्विजय सिंह नहीं गए। उन्होंने बयान दिया कि अब राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह दौरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मैं राम मंदिर की अपनी यात्रा के दौरान उनसे अनुरोध करूंगा कि कृपया उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें, जिन्होंने 1992 में गोलियां खाई थीं।" मीडिया से बात करते हुए शर्मा ने आगे कहा कि अगर देश के राजनीतिक नेतृत्व ने इस सच्चाई को पहले ही समझ लिया होता, तो अयोध्या में राम मंदिर कई साल पहले ही बन गया होता। उन्होंने आगे कहा, "आज जब आप उसी राम लला की पूजा-अर्चना कर रहे हैं, जिन्हें आपकी पार्टी ने कभी एक काल्पनिक पात्र कहकर खारिज कर दिया था, तो इस बात को स्वीकार करें और मानें कि राम लला केवल कल्पना की उपज नहीं, बल्कि एक जीवंत सच्चाई हैं।"
कांग्रेस का पलटवार
वहीं मामले में कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने रामेश्वर शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने भी राम मंदिर के लिए चंदा दिया है। दिग्विजय सिंह आपसे बड़े सनातनी हैं। आपने क्या काम किया है यह बता दो।
सियासी मायने भी अहम
दिग्विजय सिंह के इस दौरे को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच इसे लेकर बयानबाजी तेज हो सकती है।

