पूर्व BJP विधायक के भांजे ने खुद को मारी गोली, इंगेजमेंट समारोह में गया था परिवार

Saturday, Feb 14, 2026-01:14 PM (IST)

अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी के भांजे ने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना देहात थाना क्षेत्र के इंग्लेखेड़ी गांव की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय गुरतेज सिंह संधू के रूप में हुई है। घटना के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सभी लोग एक इंगेजमेंट कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में काम करने वाले कर्मचारी ने गोली चलने की आवाज सुनी। जब वह कमरे में पहुंचा तो गुरतेज खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घबराया कर्मचारी तुरंत ट्रैक्टर से इंगेजमेंट स्थल पहुंचा और परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घर लौटे। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने बड़े भाई की 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद के माथे पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक खेती-किसानी का कार्य करता था। घटना के समय उसके पिता डबरा में थे।

देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा के अनुसार, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News