कलेक्टर को बिकाऊ कहने वाले पिता-पुत्र रोते हुए जेल से आए बाहर, बोले- कलेक्टर ने गुंडाराज फैला रखा है,चपरासी भी उससे अच्छी बात करता है
Wednesday, May 06, 2026-05:02 PM (IST)
खंडवा(मुश्ताक मंसूरी): खंडवा में कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान हंगामा करने को लेकर किसान पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया था। छैगांवमाखन क्षेत्र के बरूड गांव के किसान रामनारायण कुमरावत और उनके पुत्र श्याम कुमरावत ने कलेक्टर को बिकाऊ कहा था।
किसान पिता पुत्र के इस विरोध के बाद उन्हें जेल भेज दिया था। लेकिन इस मामले के गर्माने के बाद कांग्रेस एक्टिव हो गई और वो शाम को कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। किसानों के मामले में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के हस्तक्षेप से किसानों को जमानत मिल गई। बुधवार को किसान पिता-पुत्र जेल से बाहर आए जिनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर, गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। यही नहीं पिता पुत्र तो कांग्रेस बग्घी पर सवार करके जेल परिसर से गांधी भवन लेकर पहुंचे। ये नजारा देखने वाला था।
जेल से बाहर निकलते ही किसान हुए भावुक, आंखों में आए आंसूं

जेल से बाहर निकलते ही दोनों पिता पुत्र किसान भावुक, हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल आए। गांधी भवन में किसान ने कलेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला कलेक्टर किसानों की समस्या दूर करने के बजाय उल्टा किसानों को जेल भेजने का कार्य कर रहे हे। यह सरासर गुंडागर्दी है। हम पिता पुत्र तीन वर्षों से अपने खेत के रास्ते के लिए न्याय की गुहार लगा रहे हे लेकिन जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पिता पुत्र का आरोप है कि कलेक्टर भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने का कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर को बिकाऊ कहने वाले पिता-पुत्र ने कहा कि कलेक्टर गुंडा है और गुंडागर्दी फैला रखी है, एक चपरासी भी उससे अच्छी बात करता है

वहीं इस मामले पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिमा रघुवंशी ने बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए निशाना साधा है। रघुवंशी ने कहा की बीजेपी राज में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। धारा 151 किस आधार पर लगाई इस पर रघुवंशी ने सवाल उठाए। उन्होंन कहा कि बीजेपी किसानों की लड़ाई नहीं लड़ रही है।

