Punjab Kesari MP ads

अपनी ही BJP पार्टी से खफा हुए पूर्व गृहमंत्री, बोले- हमारी पार्टी के नेता भी गूंगे बहरे हैं, न देखते हैं न सुनते हैं,कड़ी चेतावनी

Wednesday, May 20, 2026-10:43 PM (IST)

रतलाम (समीर खान):  जो कभी मध्यप्रदेश के गृहमंत्री थे, मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था और न्याय जिनके हाथ में था।आज वही गृहमंत्री हिम्मत कोठारी पुलिस से इंसाफ के लिए जमीन पर बैठकर इंसाफ मांग रहे हैं लेकिन उनको पुलिस से मदद नहीं मिल रही।

PunjabKesari

बुधवार दोपहर को एसपी ऑफिस में उस समय हडकंप मच गया जब पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी एसपी के चेंबर के बाहर धरने पर बैठ गए। मीसाबंदी वृद्ध के खाली प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से कोठारी नाराज हो गए और कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी के चेंबर के बाहर ही ज़मीन पर बैठ गए।

दरअसल हिम्मत कोठारी उनके बचपन के मित्र और मीसाबंदी बसंत पुरोहित के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र स्थित एक प्लाट पर कब्जे के मामले में लगातार शिकायत और थाने के चक्कर काटने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज हुए। उनका कहना है कि दीनदयाल नगर थाने में आवेदन दिया था।‌ लेकिन थाने के अधिकारी मामले को सिविल बता रहे हैं। जबकि फरियादी सारे दस्तावेज पेश कर चुका है और सामने वाले पक्ष के पास कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। यह प्लाट पर कब्जे का आपराधिक मामला है इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होना आश्चर्यजनक है।

इसी मामले को लेकर 5 दिन पूर्व भी पूर्व गृहमंत्री कोठारी एसपी अमित कुमार से मिले थे। आज वे फिर एसपी ऑफिस पहुंचे और कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर एसपी चेंबर के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि टीआई एसपी के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है।

धरने की खबर सुनकर एसपी अमित कुमार खुद चैंबर से बाहर निकले और पूर्व गृहमंत्री को लेकर , अपने साथ ऑफिस में ले गए और प्लॉट पर कब्जा करने वालो के खिलाफ तत्काल एफआईआर के आदेश दिए । इस दौरान एसपी अमित कुमार ने तत्काल दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को अपने ऑफिस बुलाया और नाराजगी जाहिर की। एसपी ने तत्काल FIR के निर्देश दिए। एसपी अमित कुमार ने इस मामले में दीनदयाल नगर थाना प्रभारी को  शोकाज नोटिस देने और कार्रवाई की बात भी कही है।

हमारी  पार्टी के नेता गूंगे और बहरे हो गए हैं-कोठारी

मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है ,यदि आम जनता के साथ ऐसा होता रहा तो अराजकता आ जाएगी। हिम्मत कोठारी यहां तक कह गए कि अगर कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी से अनुमति लेकरआमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। पार्टी अनुमति नहीं देगी तो पार्टी छोड़कर लड़ाई तो लड़नी पड़ेगी। कोठारी ने कहा कि हमारी भी पार्टी के नेता गूंगे और बहरे हो गए हैं, न सुनते हैं न देखते हैं।

कब्जे के मामले में प्रकरण दर्ज, टीआई के खिलाफ जांच के आदेश

एसपी अमित कुमार ने बताया कि फरियादी शरद पिता वसंत पुरोहित, उम्र 80 वर्ष निवासी सुभाष मार्ग धानमंडी की शिकायत पर प्लाट के कब्जे के मामले में दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

एसपी ने बताया कि उक्त प्रकरण में लापरवाही बरतने पर उनके द्वारा गंभीर संज्ञान लिया गया है। मामले में थाना प्रभारी के विरुद्ध प्राथमिक जांच प्रारंभ कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आमजन की शिकायतों पर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

भूमि संबंधी मामलों के निराकरण हेतु विशेष शिविर

भूमि संबंधी शिकायतों एवं विवादों के त्वरित निराकरण हेतु एसपी अमित कुमार के निर्देश पर आगामी 07 दिनों तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम के सभागृह में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले के समस्त थाना क्षेत्रों से फरियादी अपनी भूमि संबंधी शिकायतें एवं दस्तावेज लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच सकेंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News