इस्तीफे के बाद हेमंत कटारे की पहली प्रतिक्रिया, भाजपा का जिक्र और कह दी बड़ी बात, सियासी हलचल तेज
Saturday, Feb 21, 2026-01:47 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश की राजनीति में विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देकर हेमंत कटारे ने सबकों चौंका दिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को विधानसभा से निकलते ही अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा भेजा। हालांकि इस्तीफे की वजह उन्होंने पारिवारिक कारण बताया था। लेकिन प्रदेश की राजनीति में उनके यूं अचानक इस्तीफे से भूचाल सा आ गया और फिर शुरु हुआ कयासों का दौर। किसी ने इसे कांग्रेस की आंतरिक फूट बताया तो किसी ने उनके भाजपा में जाने की बता कही। हालांकि सुबह होते होते इस्तीफे पर उनकी पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है।
अटेर से कांग्रेस विधायक Hemant Katare ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- कांग्रेस मेरे स्वर्गीय पिताजी की विरासत है ! और हां… मेरे फोन न उठाने पर कृपया भारी-भरकम क़यास ना लगायें। शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साज़िश नहीं बल्कि मेरा मूलभूत और संवैधानिक अधिकार भी है।
कांग्रेस मेरे स्वर्गीय पिताजी की विरासत है !
— Hemant Satyadev Katare (@HemantKatareMP) February 21, 2026
और हाँ… मेरे फोन न उठाने पर कृपया भारी-भरकम क़यास ना लगायें। 😃🙏
शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साज़िश नहीं बल्कि मेरा मूलभूत और संवैधानिक अधिकार भी है।
कभी कभी नेता भी इंसान होता है.🙏
अब ज़रा ध्यान से…
कभी कभी नेता भी इंसान होता है। अब ज़रा ध्यान से सुन लो भाजपाइयों, ज़्यादा खुशफहमी पालने की ज़रूरत नहीं है। सोमवार से सदन में पूरी तैयारी, पूरे दस्तावेज़ और पूरी ताकत के साथ उपस्थित रहूंगा — और हमेशा की तरह आपको धोने का कार्य करूंगा।
चाहे मुद्दा गोमांस का हो, इंदौर के भागीरथपुरा का हो, शंकराचार्य जी के अपमान का हो, या ज़हरीली हवा-दवा-पानी और सरकार के भ्रष्टाचार का —हर विषय पर तर्क, प्रमाण और जनता की आवाज़ के साथ आपके भ्रष्टाचार की परतें खोलूंगा। तैयारी मजबूत रखिएगा। क्योंकि मैं पद से नहीं, जनता के विश्वास से ताकत लेता हूं और वही विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।

