कमलनाथ बोले- किसानों के प्रति सरकार का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण, अन्नदाता का उत्पीड़न करना इनकी आदत बन गई है

Friday, Sep 12, 2025-02:40 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर विपक्ष लगातार सत्ताधारी भाजपा सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में पूर्व सीएम कमलनाथ ने खाद की किल्लत को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति भाजपा सरकार का व्यवहार अत्यंत दुर्भावनापूर्ण है। किसानों को जब जिस चीज़ की ज़रूरत होती है, तब उसकी आपूर्ति न करना भाजपा सरकार की आदत बन गई है। एक व्यापक षडयंत्र के तहत हर समय किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है।

प्रदेश के कई ज़िलों का किसान इस समय अतिवृष्टि से परेशान है, लेकिन सरकार की तरफ़ से उसकी उचित मदद नहीं की गई है। इसी तरह पिछले दो महीने से किसान खाद के लिए परेशान है और लगातार बयानबाजी करने के बावजूद सरकार खाद उपलब्ध नहीं करा सकी। अगर भाजपा का चरित्र देखें तो किसानों से सिर्फ़ झूठे वादे किए जाते हैं और मौक़ा पड़ने पर उनका शोषण किया जाता है। अभी पिछले दिनों जब फ़सल बीमा की राशि वितरित की गई तो किसानों को मुआवज़े के नाम पर कुछ सौ रुपये दे दिए गए।

मध्य प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन गया है। जहां किसानों को नक़ली खाद बीज उपलब्ध कराया जाता है। किसानों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि जब फ़सल पककर तैयार हो जाती है तो सरकार ख़रीद में अड़ंगे लगाती है। मूंग के किसानों के साथ सरकार ने इसी तरह का दुर्व्यवहार किया था।

यह सब बातें जानना इसलिए ज़रूरी है ताकि पता चले कि अगर किसान अतिवृष्टि से परेशान हैं, यूरिया ना मिलने से परेशान हैं, MSP पर ख़रीद ना होने से परेशान हैं, तो यह सिर्फ़ तात्कालिक अव्यवस्था नहीं है, बल्कि यह भाजपा सरकार का डिज़ाइन है जो सुव्यवस्थित तरीक़े से किसानों का उत्पीड़न करने के लिए बनाया गया है। मध्य प्रदेश के किसानों के इस उत्पीड़न के ख़िलाफ़ कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है और किसानों को न्याय दिलाकर रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News