MP राज्यसभा उपचुनाव में नया ट्विस्ट! हरदीप पुरी के नामांकन के बीच एक और दावेदार की एंट्री
Saturday, Oct 31, 2026-07:27 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के बीच अब एक और नाम चर्चा में आ गया है। तेलंगाना के रहने वाले 48 वर्षीय कांते सयन्ना ने भी मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने विधानसभा से नामांकन फॉर्म लिया है।
कांते सयन्ना की खास बात यह है कि वह देश के अलग-अलग राज्यों में 50 से अधिक चुनाव लड़ चुके हैं। वह विधानसभा और लोकसभा सहित विभिन्न चुनावों में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। सयन्ना ने ओसमानिया यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में एमए किया है और बिजनेस करते हैं।
एक एकड़ जमीन, पत्नी के नाम दो करोड़ का मकान
चुनावी दावेदारी के बीच सयन्ना की संपत्ति भी चर्चा में है। उनके पास एक एकड़ कृषि भूमि, करीब ढाई लाख रुपये कीमत की कार और 30 हजार रुपये नकद हैं। वहीं, उनकी पत्नी के पास 30 हजार रुपये नकद, साढ़े पांच तोला सोना और करीब दो करोड़ रुपये कीमत का एक आवासीय भवन है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में भी ठोक चुके हैं दावा
कांते सयन्ना इससे पहले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। उनका कहना है कि चुनाव लड़ने का उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि आम लोगों को उनके अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
सयन्ना के मुताबिक, वह चुनाव लड़ने का खर्च खुद उठाते हैं और इसके लिए किसी राजनीतिक दल पर निर्भर नहीं रहते। उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने के कारण कई लोग सवाल उठाते हैं और मजाक भी बनाते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
उनका कहना है कि देश में आम नागरिकों से जुड़े कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। वह आगे भी चुनाव लड़ते रहेंगे और परिणाम की चिंता किए बिना अपना प्रयास जारी रखेंगे। अब देखना होगा कि मध्यप्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में कांते सयन्ना की दावेदारी किस मोड़ पर पहुंचती है।

