भोपाल मर्डर मिस्ट्री: तीसरी पत्नी की हत्या कर सूटकेश में भरी लाश, गटर में डाला, पति ने पूरे परिवार के साथ मिलकर की हत्या
Friday, Feb 13, 2026-02:18 PM (IST)
भोपाल (इजहार हसन खान): राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित कमला नगर में सूटकेस में मिली महिला की लाश के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी सिया के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके साथ रह रहे समीर और उसके परिवार ने मिलकर की थी।

पुलिस के अनुसार, समीर पिछले पांच महीनों से सिया के साथ रह रहा था। दोनों की मुलाकात अक्टूबर में हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके बीच अक्सर विवाद होता था। शुरुआती महीनों में सिया, समीर की पत्नी के साथ ही रह रही थी, लेकिन बढ़ते विवाद के चलते पत्नी जबलपुर चली गई थी। जांच में खुलासा हुआ है कि सिया की गला घोंटकर हत्या की गई। हत्या के बाद समीर ने अपने भाई चांद की मदद से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। शव को सूटकेस में रखा गया, उसमें पत्थर बांधे गए और रस्सी से कसकर बांधकर पानी की टंकी में डुबो दिया गया, ताकि वह ऊपर न आए। घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय युवक चबूतरा पोतने पहुंचे और पानी में एक संदिग्ध बक्सा तैरता दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसी रस्सी की मदद से बक्से को बाहर निकाला, जिसमें महिला का शव मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद समीर जबलपुर अपनी दूसरी पत्नी को लेने चला गया था। जैसे ही वह भोपाल लौटा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सुबह 5:30 बजे पुलिस ने समीर, उसकी पत्नी, भाई, बहन और मां को हिरासत में ले लिया।

पुलिस का कहना है कि पूरे परिवार ने मिलकर इस वारदात की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। समीर ने सिया से शादी नहीं की थी, लेकिन वह उसके साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह दोनों पत्नियों और सिया के साथ रिश्तों को लेकर तनाव में था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और शाम तक मामले में आधिकारिक खुलासा करने की तैयारी है।

