Punjab Kesari MP ads

सिंहस्थ शाही स्नान में बड़ा बदलाव: उज्जैन स्टेशन पर नहीं आएंगी ट्रेनें, फ्लैग स्टेशनों से बसों में घाट तक पहुंचेंगे श्रद्धालु

Thursday, Apr 23, 2026-08:26 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह): उज्जैन में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर प्रशासन और रेलवे ने भीड़ प्रबंधन के लिए बड़ा निर्णय लिया है। शाही स्नान और प्रमुख पर्वों के दौरान अब ट्रेनें सीधे उज्जैन रेलवे स्टेशन तक नहीं आएंगी। इसके स्थान पर ट्रेनों को शहर के आसपास स्थित फ्लैग स्टेशनों पर रोका जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को बसों के माध्यम से शिप्रा नदी के घाटों तक पहुंचाया जाएगा।

गुरुवार को रेलवे और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। रतलाम से विशेष सैलून के माध्यम से पहुंचे अधिकारियों में एडीआरएम अक्षय कुमार, एडीजी राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा शामिल रहे। टीम ने पंवासा, नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन स्टेशनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों के प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से घाटों तक पहुंचाया जा सके।

मेला प्रशासन ने इन फ्लैग स्टेशनों से घाटों तक विशेष बस सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं रेलवे की ओर से नईखेड़ी स्टेशन पर चार नए प्लेटफॉर्म विकसित करने की योजना है, साथ ही अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और शाही स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News