Punjab Kesari MP ads

BJP कोर ग्रुप की बैठक में बड़े फैसले, राज्यसभा सीट के लिए 4-5 नामों का पैनल तैयार

Monday, Oct 26, 2026-01:50 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों, संगठन के आगामी कार्यक्रमों, केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में राज्यसभा की एक सीट के लिए 4 से 5 नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनाने की दिशा में चर्चा हुई। उम्मीदवार के अंतिम चयन का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

PunjabKesari

इसके अलावा, प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों में एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मंत्रियों के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही, केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय से एक सांसद को जोड़ने की व्यवस्था पर विचार किया गया। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा, समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के मुद्दे पर भी मंथन हुआ। 

PunjabKesari

भाजपा ने प्रदेश की मोहन यादव सरकार के तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की। इसके तहत मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कार्यों को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News