Punjab Kesari MP ads

नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ पर नीमच में भारी बवाल, 55 वर्षीय आरोपी रहमान का घर ढहाने पर अड़े लोग,पुलिस पर पथराव,घर में घुसे

Thursday, Apr 02, 2026-06:47 PM (IST)

नीमच (मूलचंद खींची):मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में एक 13 साल की मासूम के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद भारी तनाव व्याप्त हो गया है। आरोपी अब्दुल रहमान (55) की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने उसके घर को ढहाने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

PunjabKesari

अकेलेपन का फायदा उठाकर की दरिंदगी

मामला पड़दा गांव का है। बुधवार रात करीब 10:30 बजे जब एक बच्ची के माता-पिता धार्मिक कार्यक्रम से लौटे, तो बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि जब वह घर पर अकेली थी, तब पड़ोसी अब्दुल रहमान उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ गलत हरकत की। आरोपी ने किसी को बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी और बच्ची को 50 रुपये देकर चुप कराने की कोशिश की।

दोस्त के घर सोता मिला आरोपी

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं था, लेकिन रात में ही घेराबंदी कर उसे एक दोस्त के घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

सड़क पर उतरे ग्रामीण, बुलडोजर की मांग पर अड़े

गुरुवार सुबह घटना की खबर फैलते ही तनाव बढ़ गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। भीड़ की एक ही मांग थी— 'आरोपी का घर जमींदोज किया जाए।' प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के मकान पर अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा किया और दोपहर 2:30 बजे बुलडोजर मौके पर पहुंच गया।

पुलिस पर पथराव और बवाल

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ही भीड़ बेकाबू हो गई। कुछ लोग आरोपी के घर में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सामान सड़क पर फेंक दिया गया। जब पुलिस ने उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की, तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

एएसपी नवल सिंह सिसौदिया ने बताया:  "स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल गांव में शांति है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News