Punjab Kesari MP ads

MP Metro ट्रेनों में दे रहा बर्थडे पार्टी, प्री-वेडिंग शूट की सुविधा, बेहद कम खर्चें में ले सकेंगे जश्न का मजा, जानिए बुकिंग नियम

Wednesday, May 06, 2026-11:29 AM (IST)

इंदौर : मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने एक पहल शुरू की है, जिसके तहत मेट्रो ट्रेनों और स्टेशन परिसर में बर्थडे पार्टी, प्री-वेडिंग शूट, फिल्म की शूटिंग और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुमति दी जाएगी। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब इंदौर और भोपाल में मेट्रो सेवाओं में यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम है।

MPMRCL ने मंगलवार को बताया कि 'सेलिब्रेशन्स ऑन व्हील्स' पहल के तहत, मेट्रो कोच और चुनिंदा स्टेशन क्षेत्रों का उपयोग विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा, बशर्ते निर्धारित शुल्क और सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए।

MPMRCL के प्रबंध निदेशक एस. कृष्णा चैतन्य ने कहा, "सेलिब्रेशन्स ऑन व्हील्स पहल इंदौर और भोपाल की जीवंत संस्कृति, तेजी से बढ़ते शहरी वातावरण और नागरिकों की बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।"

उन्होंने कहा, "यह मेट्रो को जनता के करीब लाने का एक प्रयास है, जिससे लोग मेट्रो के सुरक्षित और आधुनिक वातावरण में अपने खास मौकों का जश्न मना सकें। इससे मेट्रो सेवाएं नागरिकों के दैनिक जीवन का एक अभिन्न अंग बन जाएंगी।"

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के तहत, मेट्रो में फिल्म की शूटिंग, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री, विज्ञापन निर्माण, बर्थडे सेलिब्रेशन, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट, सिनेमैटोग्राफी और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की अनुमति होगी।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के लिए शुल्क, बिना सजावट वाले खड़े मेट्रो कोच के लिए 5,000 रुपये प्रति घंटा और बिना सजावट वाले चलते हुए कोच के लिए 7,000 रुपये प्रति घंटा निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, बर्थडे सेलिब्रेशन, प्री-वेडिंग शूट और किटी पार्टी के लिए अधिकतम 50 लोगों को अनुमति दी जाएगी; अतिरिक्त लोगों के लिए MPMRCL के किराया नियमों का पालन करना होगा। बुकिंग इंवेट से लगभग 15 दिन पहले करवानी होगी।

उन्होंने आगे बताया कि संबंधित व्यक्ति को बुकिंग के समय प्रत्येक कोच के लिए 20,000 रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा जमा राशि भी जमा करनी होगी, जो कार्यक्रम के बाद, यदि नियमों का पालन किया गया हो, तो वापस कर दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News