Punjab Kesari MP ads

रायपुर में नशेड़ी ड्राइवरों पर बड़ा एक्शन: एक रात में 129 पकड़ाए, पुलिस का जीरो टॉलरेंस वार

Monday, Apr 06, 2026-02:00 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभियान लगातार तेज हो गया है। रायपुर पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

5 अप्रैल की रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने 129 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा। यह कार्रवाई शहर के सात अलग-अलग स्थानों पर की गई, जहां शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई गई। इस पूरे अभियान का नेतृत्व विकास कुमार (पुलिस उपायुक्त, यातायात) ने किया। उन्होंने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत इस साल जनवरी से अब तक 1853 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में न्यायालय द्वारा प्रत्येक आरोपी पर न्यूनतम 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है। नशे में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह खुद के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News