Punjab Kesari MP ads

राजेंद्र भारती अभी भी सेफ! कांग्रेस नेता बोले- दतिया में नहीं होंगे उपचुनाव

Saturday, Apr 04, 2026-01:07 PM (IST)

भोपाल : मध्यप्रदेश की राजनीति में आधी रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब दतिया से विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई। प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा देर रात विधानसभा पहुंचे और सदस्यता खत्म करने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया। इसके साथ ही दतिया सीट रिक्त घोषित होते ही उपचुनाव की अटकलें तेज हो गई हैं।

इस फैसले के बाद कांग्रेस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने एक सुर में कहा कि वे हर हाल में राजेंद्र भारती की सदस्यता बचाने की कोशिश करेंगे।

कानूनी प्रावधानों के अनुसार, यदि किसी जनप्रतिनिधि को दो साल या उससे अधिक की सजा होती है तो उसकी सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है। हालांकि राजेंद्र भारती के पास उच्च अदालत में अपील करने के लिए 60 दिनों का समय है। यदि इस अवधि में उन्हें निचली अदालत के फैसले पर स्टे मिल जाता है, तो उनकी अयोग्यता खत्म हो सकती है और उनकी विधायकी बहाल हो सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने इस मामले को लेकर कानूनी तैयारी तेज कर दी है। वरिष्ठ वकील विवेक तंखा और कपिल सिब्बल की टीम उच्च न्यायालय में अपील की तैयारी कर रही है, जबकि दिग्विजय सिंह पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह मामला आगामी राज्यसभा चुनाव के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर अपने विधायकों की संख्या बनाए रखना चाहती है, ताकि चुनाव में उसकी स्थिति मजबूत बनी रहे। यदि अदालत से राहत नहीं मिलती है, तो दतिया सीट पर उपचुनाव होना तय माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News