खामनेई की मौत पर संत समाज का बड़ा बयान ‘धर्मगुरु की हत्या किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं’
Tuesday, Mar 24, 2026-07:35 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में संत समाज ने अयातुल्लाह अली खामनेई की मौत को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखिल भारतीय संत समिति मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष स्वामी अनिलानंद ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के धर्मगुरु पर हमला या उनकी हत्या किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। ‘जो व्यक्ति किसी समाज का धर्मगुरु होता है, उसके साथ इस प्रकार की घटना होती है, तो उसके अनुयायियों द्वारा विरोध किया जाना स्वाभाविक है,’ स्वामी अनिलानंद ने आगे कहा कि शिया समाज के धर्मगुरु खामनेई के दुनिया भर में करोड़ों अनुयायी हैं, ऐसे में इस तरह की घटना पर वैश्विक प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक है और इसे गलत नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी भी देश को यह अधिकार है कि वह दूसरे देश में जाकर किसी व्यक्ति की हत्या कर दे। ‘क्या यह सही तरीका है? यह पूरी तरह गलत और निंदनीय है,’। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई देश खुद को शक्तिशाली मानता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह अन्य देशों या समाजों के अधिकारों का हनन करे। संत समाज का मानना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल वैश्विक शांति के लिए खतरा हैं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।

