IPS Promotion and Transfer: बड़े फेरबदल की तैयारी! इन अधिकारियों पर लटकी तलवार
Tuesday, Mar 17, 2026-12:05 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में आईपीएस अफसरों के तबादलों को लेकर बड़ी प्रशासनिक हलचल है। सूत्रों के मुताबिक आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची लगभग तैयार हो चुकी है और इसका ऐलान कभी भी किया जा सकता है। मुख्य सचिव अनुराग जैन के वापसी के बाद गृह विभाग इसे जारी कर सकता है।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित तबादला सूची में वर्ष 2020 बैच के पांच आईपीएस अधिकारियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की संभावना है। इन अधिकारियों को जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इससे पहले वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी जिलों में एसपी पद पर पदस्थ हो चुके हैं। वहीं कोर्ट के आदेश से प्रमोशन पाकर आईपीएस बने अधिकारियों को भी जिलों की कमान मिलने के संकेत मिल रहे हैं। खासकर खराब परफॉरमेंस वाले अधिकारी सरकार के निशाने पर हैं।
सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित सूची में करीब 20 जिलों में नए एसपी की पदस्थापना हो सकती है। जिन जिलों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है, उनमें शाजापुर, शिवपुरी, डिंडौरी, मंडला, छतरपुर, बुरहानपुर, निवाड़ी, नीमच, दमोह, सिवनी, आगर मालवा, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर शामिल हैं। माना जा रहा है कि इनमें से कुछ छोटे जिलों के एसपी को बड़े जिलों की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।
इसके अलावा हाल ही में डीआईजी पद पर प्रमोट हुए अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इनमें खंडवा एसपी मनोज राय, एसपी रेल राहुल लोढ़ा, एसपी रेल जबलपुर सिमाला प्रसाद, एसपी भिंड असित यादव और एसपी धार मयंक अवस्थी शामिल हैं।
इसी तरह रीवा एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी भोपाल विवेक सिंह, डीसीपी इंदौर कुमार प्रतीक और एसपी झाबुआ डॉ. शिवदयाल भी एक जनवरी को डीआईजी पद पर प्रमोट हो चुके हैं। इनके स्थानांतरण के बाद संबंधित जिलों में नए एसपी की नियुक्ति की जाएगी।
गृह विभाग के स्तर पर तबादला सूची को लेकर अंतिम मंथन जारी है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही आईपीएस अफसरों की तबादला सूची किसी भी समय जारी की जा सकती है।

