कांग्रेस में निपटो निपटाओ का खेल! सब CM बनना चाहते हैं, अपनी ही पार्टी पर क्या बोल गए पूर्व विधायक
Wednesday, Nov 05, 2025-07:16 PM (IST)
सरगुजा : छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आई है। जहां कांग्रेस नेता व रामानुजगंज के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने पार्टी हाईकमान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कभी भाजपा से हारती नहीं, बल्कि कांग्रेस में निपटो-निपटाओ खेल चल रहा है और पार्टी को खुद के लोगं से नुकसान पहुंच रहा है। बृहस्पति सिंह ने दावा किया कि अगर यह कांग्रेस की आंतरिक लड़ाई बंद हो जाए, तो पार्टी को जीतने से कोई नहीं रोक सकता।
बृहस्पति सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जो वरिष्ठ नेता है उनको ठीक कर दीजिए, निपटो निपटाओ का खेल खत्म कर दीजिए सरकार बन जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता चाहती है कि छत्तीसगढ़ में सरकार बने। सभी वर्ग के लोग चाहते हैं कि सरकार बनें। लेकिन जितने भी वरिष्ठ नेता सबके सब सीएम बनना चाहते हैं, जो संभव नहीं है। इसी के चक्कर में एक दूसरे के समर्थकों को निपटाने में लगे हैं। बृहस्पति सिंह ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सिंहदेव बहुत अच्छे नेता हैं, लेकिन उनकी सोच सरगुजा जिले से बाहर नहीं निकल पाई है। वे पूरे छत्तीसगढ़ को नहीं देख पाते।
बता दें कि बृहस्पति का यह बयान 2023 के विधानसभा चुनावों की हार को लेकर आया है। उनका मानना है कि पार्टी की अंर्तकलह ही हार का मुख्य कारण था। भाजपा को हराने के लिए एकजुटता की जरूरत है लेकिन पार्टी के नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे रहते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। उन्होंने 2018 की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि तब पार्टी में एकता थी इसलिए कांग्रेस की जीत हुई थी, लेकिन 2023 में नेताओं का घमंड और निपटो निपटाओ ने सब बर्बाद कर दिया।

