तुम मुझे अच्छी लगती हो रूम पर आ जाओ...टीचर की बिगड़ी नीयत, छात्रा को भेजे अश्लील मैसेज, Whatsapp chat आई सामने
Thursday, Apr 09, 2026-05:31 PM (IST)
रीवा (गोविंद सिंह) : रीवा के मॉडल साइंस पीएमश्री कॉलेज में अतिथि विद्वान द्वारा एक छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को भूगोल विभाग में कार्यरत अतिथि विद्वान अमित साहू ने मोबाइल पर अश्लील मैसेज किया, और उस पर अनैतिक रूप से दबाव बनाने की कोशिश की है। मामला सामने आने के बाद छात्रों ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। छात्रा की शिकायत के बाद कालेज प्रबंधन द्वारा मामले की जांच कराई गई, जिसके बाद टीचर को हटा दिया, हालांकि मामला तूल पकड़ता देख शिक्षक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली।

रीवा के पीएमश्री मॉडल साइंस कॉलेज में एक अतिथि विद्वान शिक्षक द्वारा छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा को शिक्षक ने व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजते हुए लिखा, “तुम मुझे अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ।” छात्रा के मना करने पर शिक्षक ने उसे अप्रत्यक्ष रूप से धमकाने की भी कोशिश की। मैसेज में लिखा “मैं नहीं चाहता कि तुम्हें कोई परेशानी हो, सोच लो… अगर मन हो तो बता देना।

सागर निवासी अमित साहू पिछले एक साल से कॉलेज में जियोग्राफी पढ़ा रहा था। पढ़ाई के दौरान वह छात्रा से निजी बातचीत करने की कोशिश करता था, और करीब एक महीने से वॉट्सएप पर मैसेज भेजकर परेशान करने लगा। जब उसके इरादे गलत लगे, तो छात्रा ने उसे समझाने की कोशिश की, फिर भी वो नहीं माना तो उसकी शिकायत कर दी। लगातार आ रहे ऐसे संदेशों से परेशान होकर छात्रा ने अपने परिजनों और दोस्तों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन से औपचारिक शिकायत की गई और मैसेज के स्क्रीनशॉट भी प्रस्तुत किए गए। गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने जांच कमेटी गठित की। जांच के दौरान आरोपी शिक्षक ने अपने कृत्य को स्वीकार करते हुए गलती मान ली, और माफी मांगी। बुधवार तक जब शिक्षक पर कोई कार्यवाही नहीं हुई तो, छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया, जिसके बाद शिक्षक को कॉलेज से हटा दिया गया।

