MP में इस पार्टी को लगा बड़ा झटका! एक के बाद एक 2 बड़े नेताओं ने दिया इस्तीफा
Sunday, Mar 29, 2026-05:46 PM (IST)
रीवा: आम आदमी पार्टी (AAP) को लगातार दूसरा बड़ा झटका लगा है, जिससे स्थानीय संगठन में हलचल तेज हो गई है। जिला अध्यक्ष (शहरी) शेरा सिंह के इस्तीफे के बाद अब प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कुमार शर्मा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
रीवा में पार्टी के भीतर यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब संगठन को मजबूत करने के लिए हाल ही में विस्तार किया गया था। इसी क्रम में प्रमोद शर्मा को मध्यप्रदेश का प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया था, लेकिन जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही समय बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला ले लिया।
बताया जा रहा है कि प्रमोद शर्मा ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के मूल सिद्धांत—ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति—के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, लेकिन निजी कारणों के चलते वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभा पाने की स्थिति में नहीं हैं।
इससे पहले शुक्रवार को जिला अध्यक्ष शेरा सिंह ने भी नाराजगी की खबरों के बीच इस्तीफा दे दिया था। दो दिनों के भीतर दो प्रमुख नेताओं के इस्तीफे से रीवा में पार्टी की स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, संगठन के भीतर असंतोष और आपसी मतभेद की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन लगातार हो रहे इस्तीफों ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच मायूसी जरूर बढ़ा दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पार्टी नेतृत्व इस स्थिति को कैसे संभालता है और रीवा में संगठन को दोबारा मजबूती देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

