Punjab Kesari MP ads

महावीर जयंती की छुट्टी पर बड़ा बदलाव, 30 या 31 मार्च? जानिए आपके जिले में कब रहेगा अवकाश

Sunday, Mar 29, 2026-01:03 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में महावीर जयंती की छुट्टी को लेकर बनी असमंजस की स्थिति अब साफ हो गई है। राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए इस बार अवकाश घोषित करने का अधिकार जिलों के कलेक्टरों को सौंप दिया है। यानी अब स्थानीय परंपराओं और आयोजन की तारीख के आधार पर ही तय होगा कि छुट्टी 30 मार्च को रहेगी या 31 मार्च को।

दरअसल, सरकारी कैलेंडर में महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च 2026 को निर्धारित था, जबकि जैन समाज के अनुसार इस वर्ष भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जा रहा है। इसे लेकर कई जिलों में भ्रम की स्थिति बन गई थी और समाज के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी 30 मार्च को अवकाश घोषित करने की मांग उठाई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक जिन जिलों में परंपरागत रूप से 31 मार्च को महावीर जयंती मनाई जाती है, वहां उसी दिन अवकाश रहेगा। वहीं जिन जिलों में 30 मार्च को पर्व मनाया जा रहा है, वहां संबंधित कलेक्टर स्थानीय स्तर पर आदेश जारी कर उस दिन छुट्टी घोषित कर सकेंगे।

राजधानी भोपाल में प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद अन्य जिलों में भी कलेक्टर अपने-अपने क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेंगे।

गौरतलब है कि जनभावनाओं को देखते हुए कई विधायकों ने भी सरकार को पत्र लिखकर अवकाश की तारीख बदलने की मांग की थी। इसी बीच जबलपुर हाईकोर्ट ने भी अपनी अधिसूचना में संशोधन कर 30 मार्च को अवकाश घोषित कर दिया था, जिसके बाद सरकार ने यह निर्णय लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News