दतिया में जल्द होगा जिलाध्यक्ष का ऐलान! चर्चा में ये 6 चेहरे, खंडेलवाल के दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल
Thursday, Aug 13, 2026-06:07 PM (IST)
दतिया (राघवेंद्र यादव) : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने पूरी जिला कार्यकारिणी भंग कर दी थी। अब जल्द भी संगठन नई नियुक्तियां करने वाला है। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के दिल्ली दौरे के बाद अटकलें हैं कि जल्द ही भाजपा दतिया जिला कार्यकारिणी घोषित कर सकता है। इसी बीच दतिया जिले की कमान किसके हाथ में आएगी, इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। भाजपा के जिलाध्यक्ष पद के लिए दतिया में 6 प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आए हैं।
ये हैं प्रमुख दावेदार
संगठन के भीतर और कार्यकर्ताओं के बीच जिन नेताओं के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा है उनमें आशुतोष तिवारी, रामनरेश यादव, कालीचरण कुशवाहा, माधवेन्द्र परिहार, अनूप यादव और दिनेश शर्मा शामिल हैं। सभी दावेदार लंबे समय से संगठन और क्षेत्र में सक्रिय हैं। चुनाव, आंदोलन और जनसंपर्क के दौरान इनकी भूमिका को लेकर भी कार्यकर्ताओं में अलग-अलग राय है।

संगठनात्मक कसौटी पर होंगे खरे
भाजपा में जिलाध्यक्ष का चयन केवल वरिष्ठता के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन क्षमता, जनाधार, चुनावी प्रबंधन और सरकार- संगठन समन्वय के आधार पर किया जाता है। इसी कारण पार्टी नेतृत्व बेहद सोच-समझकर निर्णय लेने की तैयारी में है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि नया जिलाध्यक्ष वह हो जो पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत कर सके और आने वाले चुनावों में भाजपा की स्थिति को और बेहतर बना सके।
कयासों का दौर जारी
नामों की चर्चा के साथ ही जिले में कयासों का दौर भी शुरू हो गया है। कोई युवा चेहरे की वकालत कर रहा है तो कोई अनुभवी नेता को तरजीह देने की बात कर रहा है। जातीय समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को लेकर भी कार्यकर्ताओं में चर्चाएं हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार जिलाध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद ही लगेगी। इसी बीच आज प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।

