मस्जिद में सरकारी डॉक्टर के कपड़ों को लेकर बवाल! नमाज पढ़ने से रोका, बेरहमी से की पिटाई
Tuesday, Mar 17, 2026-12:38 PM (IST)
डिंडोरी: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक सरकारी डॉक्टर के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डॉक्टर जिला चिकित्सालय में जिला समन्वयक पद पर पदस्थ डॉ. मोहम्मद जफर खान के साथ सोमवार दोपहर नमाज पढ़ने के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की। डॉक्टर की शिकायत पर डिंडोरी कोतवाली थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाफ शर्ट पहनकर नमाज पढ़ने पर जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार घटना डिंडोरी नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित एक मस्जिद में हुई। बताया गया कि डॉ. जफर खान दोपहर की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पहुंचे थे। इसी दौरान इमरान खान नामक युवक ने डॉक्टर के ‘हाफ शर्ट’ पहनकर नमाज पढ़ने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि जब डॉक्टर ने कहा कि नमाज के लिए ऐसा कोई अनिवार्य नियम नहीं है, तो इमरान खान ने मस्जिद के भीतर ही उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पाइप से किया हमला
शिकायत के अनुसार इसके बाद मोंटी, मिंटू और मुजीब नाम के युवकों ने डॉक्टर को पकड़ लिया, जबकि इमरान खान ने पाइप से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में डॉक्टर की नाक, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। साथ ही डॉक्टर के पास मौजूद कुछ नकदी और महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
घटना के बाद डॉ. जफर खान ने कोतवाली थाने पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बताया कि डॉक्टर के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

