मस्जिद पर पत्थर फेंकने वाले 6 युवकों को पुलिस ने पकड़ा, निकाला पैदल जुलूस
Wednesday, Mar 04, 2026-08:28 PM (IST)
खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के खड़कपुरा स्थित मक्का मस्जिद में नमाज के दौरान पत्थर फेंकने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह युवकों को अभिरक्षा में लिया है। इनमें दो बालिग और चार नाबालिग शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे, आईपीएस अमित कुमार और कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में इमलीपुरा क्षेत्र के कुछ युवक संदिग्ध पाए गए।
पुलिस ने सभी युवकों को पकड़कर पूछताछ की और उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर पूरी घटना का मौका मुआयना कराया। इसी दौरान आरोपियों का पैदल जुलूस भी निकाला गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मस्जिद की ओर पत्थर केवल कबूतर उड़ाने के लिए फेंका था।
घटना के दौरान मौके पर जमा भीड़ को पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

