पढ़ाई की परीक्षा में जिंदगी हारी, भाई के साथ गणित का पेपर देने आई 10वीं की छात्रा के परीक्षा केंद्र पर निकले प्राण

Tuesday, Feb 24, 2026-09:11 PM (IST)

मुरैना (रोहित शर्मा): मुरैना से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां पर परीक्षा केंद्र पर 10वीं की छात्रा बेहोश हुई और बाद में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह मुरैना जिले के बानमोर कस्बे स्थित पंडित नेहरू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कक्षा 10वीं की एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। छात्रा गणित का पेपर देने आई थी। परीक्षा के दौरान अचानक वह बेहोश हो गई और कुछ ही मिनटों में उसकी हालत गंभीर हो गई।

ग्वालियर के हस्तिनापुर के तहत चकुनारा गांव से आई थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकुनारा गांव निवासी देवेंद्र कुशवाह की बेटी वर्षा कुशवाह और बेटा अंकेश कुशवाह दोनों एक ही कक्षा में अध्ययनरत थे। दोनों ने बानमोर स्थित पंडित नेहरू स्कूल से 10वीं बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरा था। मंगलवार को गणित का पेपर था, जिसके लिए दोनों भाई-बहन अपने चाचा के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे थे।

परीक्षा के दौरान वर्षा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। केंद्र पर मौजूद ड्यूटी स्टाफ ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी और उसे होश में लाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी परीक्षा केंद्र पहुंच गए। आनन-फानन में छात्रा को वाहन से ग्वालियर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर शोक का माहौल छा गया। प्रारंभिक रूप से अचानक स्वास्थ्य खराब होने को कारण माना जा रहा है। वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। लिहाजा इस घटना के बाद हर कोई हैरान है और छात्रा के मौत पर शोक जताया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News