कांकेर में बैकफुट पर नक्सल संगठन, 62 लाख के 13 नक्सलियों का सरेंडर, इनमें 5 महिलाएं भी शामिल
Thursday, Jul 24, 2025-06:44 PM (IST)

कांकेर। (लीलाधर निर्मलकर): छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सल मोर्चे पर जवानों को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है, केंद्र सरकार मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सल खत्म करने की दिशा में लगातार सफलता हासिल कर रही है। जवानों के ऑपरेशन और सरकार की पुनर्वास योजना जैसे कार्यक्रम से नक्सली मुख्य विचारधारा में लौट रहे हैं। उत्तर बस्तर में सक्रिय 62 लाख के ईनामी 13 नक्सलियों ने आज सरेंडर कर दिया है, जिसमें 5 महिला नक्सली भी शामिल है।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों में कंपनी कमांडर मंगलू उर्फ रूपेश कोमरा और उत्तर बस्तर डिविजन का कमांडर इन चीफ मैनू नेगी भी शामिल है। मंगलू पर 10 लाख जबकि मैनू पर 8 लाख का ईनाम घोषित है। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 10लाख का एक, 8 - 8 लाख के 4 , 5-5 लाख के 3 और एक एक लाख के 5 नक्सली शामिल है।
मंगलू और मैनू कई बड़ी नक्सल वारदात में शामिल रहे हैं, दोनों ही लगभग 20 सालों से नक्सल संगठन का हिस्सा है, मंगलू पर 7 जवानों की हत्या का आरोप है, जबकि मैनू पर 26 जवानों की हत्या का आरोप है, दोनों के सरेंडर से उत्तर बस्तर में नक्सलियों को तगड़ा झटका लगा है।