Girls Hostel में एक साथ 3 आदिवासी छात्राएं प्रेग्नेंट, पूर्व CM बोले - दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो!
Sunday, Mar 15, 2026-11:45 PM (IST)
बीजापुर (छत्तीसगढ़): जिले के गंगालूर क्षेत्र के पोटा केबिन हॉस्टल में बड़ी सनसनीखेज घटना सामने आई है। हॉस्टल की 3 आदिवासी छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। इनमें 2 छात्राएं कक्षा 12वीं और 1 छात्रा कक्षा 11वीं की है। बताया जा रहा है कि 2 छात्राएं नाबालिग हैं और सभी लगभग 5 माह की गर्भवती हैं। गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं को लगभग 5 महीने पहले हॉस्टल से हटा दिया गया। इसके बाद ये नियमित रूप से स्कूल नहीं आईं। हालांकि, कक्षा 12वीं की दो छात्राओं ने शनिवार को अपनी अंतिम परीक्षा दी है।
वार्डन का विवादित बयान
हॉस्टल वार्डन का कहना है, “ये मेरे कार्यकाल का मामला नहीं है।” वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले की गंभीरता पर ध्यान खींचा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राजनीति में तूल
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा सरकार बनने के बाद आदिवासी असुरक्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार सुशासन का नारा देती है, वहीं स्कूल आश्रमों में पढ़ने वाली बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं।
बघेल का संदेश
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकारी अमला मामले को रफा-दफा करने में जुट गया है। पूरी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

