दहशत में आए BJP MLA, बोले- मेरी हत्या की साजिश रची जा रही, पूर्व पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप
Monday, Mar 09, 2026-06:03 PM (IST)
(भिलाई): छतीसगढ़ के भिलाई से एक बडा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर बीजेपी विधायक ने अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए सनसनी मचा दी है। बीजेपी विधायक ने भरे मंच से ये आरोप लगाते हुए हलचल मचा ही है। दरअसल भाजपा विधायक रिकेश सेन ने पूर्व पार्षद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यक्रम में सनसनी मचा दी।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगाया आरोप
दरअसल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी विधायक ने सरेआम ये कह डाला। वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन (Rikesh Sen) ने मंच से ही कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और उनकी हत्या तक कराने की योजना बना रहे हैं। विधायक के ऐसा आरोप लगाते ही सभा में सनसनी मच गई और लोग हैरान रह गए।
यहीं नहीं विधायक रिकेश सेन ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर कुछ लोग लगातार उनकी छवि खराब करने की कोशिश में जुटे हुए हैं और उन्हें बदनाम करने के लिए हर संभव साजिश रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ तो रेप जैसे गंभीर मामलों तक में फंसाने की योजना बनाई जा रही है।
विधायक ने भाजपा के ही पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में जानकारी दी है। रिकेश सेन का कहना है कि जयप्रकाश यादव ने बताया कि विधायक के खिलाफ एक फाइल तैयार की गई है। इस फाइल को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को सौंपे जाने की बातें चल रही हैं। रिकेश सेन का कहना है कि इस साजिश के बारे में पता लगते ही उनका परिवार काफी चिंतित और डरा हुआ है।
लिहाजा विधायक ने मंच से ही इस मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि पता लगाया जाए कि कौन लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं या फिर उन्हें साजिश के तहत फंसाने कि कोशिश में लगे हैं।

