BJP के पूर्व MLA पर BJP नेत्री के संगीन आरोप,कहा- पति और सास को भेजे उसके अश्लील फोटो,FIR दर्ज

Wednesday, Feb 25, 2026-10:02 PM (IST)

खैरागढ़ (हेमंत पाल):खैरागढ़ की राजनीति इन दिनों एक संवेदनशील प्रकरण को लेकर सुर्खियों में है। मामला क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा से जुड़े नेता कोमल जंघेल से संबंधित है, जिनके खिलाफ सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय माध्यमों में दुष्कर्म व अश्लील सामग्री प्रसारण से जुड़े आरोपों की खबरें प्रसारित हो रही हैं।

क्या है पूरा मामला

भाजपा से जुड़ी एक महिला पदाधिकारी ने 2 फरवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक कोमल जंघेल तथा उनके ड्राइवर के मोबाइल से महिला के पति और ससुर को कथित रूप से अश्लील फोटो एवं वीडियो भेजे गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। बताया जा रहा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें मुचलका जमानत मिल गई। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

किन धाराओं में अपराध दर्ज?

पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) बी सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 77 एवं 79 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है।

पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

गौरतलब है कि खैरागढ़ पुलिस सामान्यतः शराब, जुआ-सट्टा जैसे मामलों में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को जानकारी देती रही है। किंतु इतने चर्चित प्रकरण में अब तक कोई औपचारिक प्रेस वार्ता नहीं की गई। जब इस संबंध में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए मामले को उच्च अधिकारियों के स्तर का बताते हुए प्रतिक्रिया देने से परहेज किया।

आरोपी का पक्ष

इस पूरे मामले में पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सच्चाई जांच में सामने आ जाएगी।

गोपनीयता का अनुरोध

शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में अपना नाम एवं पता गोपनीय रखने का अनुरोध किया है। पुलिस भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पहचान उजागर न करने की बात कह रही है। यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। एक ओर आरोप गंभीर हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी स्वयं को निर्दोष बता रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और अंतिम सत्य पुलिस विवेचना तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा। खैरागढ़ की राजनीति में इस घटनाक्रम ने हलचल जरूर पैदा कर दी है, अब निगाहें जांच रिपोर्ट और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News