प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश! शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
Sunday, Mar 08, 2026-09:52 PM (IST)
सिंगरौली (अंबुज तिवारी): मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में प्रेमप्रसंग में युवक को उसकी ही प्रेमिका ने ऐसी यातना दी की सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी.पुलिस ने 10 दिन के भीतर मामले का खुलासा करते हुए प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना 28 फरवरी की है. जिले के ग्राम पोखरा में एक खेत में संदीप यादव नाम के युवक को बेहोशी की हालत में देख ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी.
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को देखा तो दंग रह गई. युवक का बायां पैर कटा हुआ शरीर पर कई जगह करंट के दागे हुए निशान और बेहोशी हालत में कराहता युवक.पुलिस ने तत्काल युवक को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय वैढ़न पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की.इलाज के दौरान जबलपुर में युवक की मृत्यु हो गई.
खून के धब्बे मिटाने के लिए गोबर से की पुताई
घायल युवक के मोबाइल कॉल डिटेल और गांव के लोगों से पता चला कि आजादपुर निवासी संदीप यादव पोखरा निवासी पूजा पनिका से बात करता था.पुलिस ने पूजा पनिका के घर का मुआयना किया.डॉग स्क्वाड व FSL टीम की मदद से पुलिस ने आरोपी प्रेमिका के घर से खून के धब्बे होने की पुष्टि की.जिन्हें गोबर से पुताई कर छुपाने का प्रयास किया गया था.इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी.पुलिस ने प्रेमिका पूजा पनिका और उसके परिजनों से अलग अलग पूंछतांछ की तो घटना की पूरी कहानी सामने आई.
प्रेमिका से शादी करना चाहता था युवक
पुलिस ने बताया कि युवक संदीप यादव पूजा पनिका के बीच मित्रता थी.पूजा पनिका युवक को मिलने के लिए घर भी बुलाया करती थी.इसी बीच प्रेमिका ने संदीप को अपनी शादी तय होने की बात बताई.संदीप ने प्रेमिका की इस बात का विरोध किया और स्वयं के साथ शादी करने की बात प्रेमिका से कहने लगा.लेकिन पूजा पनिका प्रेमी की इस बात से सहमत नहीं थी.संदीप यादव के बार - बार दबाव बनाने पर उसने घर में सारी बात बता दी.इसके बाद संदीप की हत्या की योजना बनाई गई.पूजा पनिका और उसके परिजनों ने 27 फरवरी को प्रेमी संदीप को मिलने के लिए अपने घर बुलाया और समझाने लगे.सन्दीप प्रेमिका से शादी की बात पर अड़ा रहा.
जिसके बाद पूजा पनिका के चाचा भोलानाथ ने कुल्हाड़ी से उसके बाएं पैर पर हमला कर दिया. संदीप यादव को आरोपी प्रेमिका के सामने ही उसके परिजनों ने करंट के झटके दिए,लाठी डंडे से मार पीट की.जब युवक बेहोश हो गया.तो उसे मरा हुआ समझकर खेत में फेंक दिया.घटना को छुपाने के लिए युवक के कपड़े जला दिए. पुलिस ने प्रेमिका पूजा पनिका,उसके चाचा भोलानाथ पनिका,मां मुन्नी देवी पनिका व भाई मेलासागर पनिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

