दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के सोने-चांदी समेत नगदी बरामद
Tuesday, Feb 17, 2026-03:10 PM (IST)
खैरागढ़ (हेमंत पाल) : खैरागढ़ जिले के छुईखदान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छुईखदान थाना और जालबांधा चौकी क्षेत्र में दिन के समय सूने मकानों में चोरी करने वाले आदतन गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 3 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सूने मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय ऐसे मकानों को टारगेट करते थे जहां परिवार बाहर गया होता था। आरोपी दरवाजे और आलमारी तोड़कर नगदी और जेवरात चोरी कर लेते थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
ऐसे खुला चोरी का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू जेल से छूटने के बाद फिर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। इसके बाद पुलिस ने लगातार निगरानी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में कबूले कई चोरी के मामले
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने उदयपुर क्षेत्र में चोरी बफरा गांव में चोरी अन्य सूने मकानों में चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया सोने के 12 लॉकेट, सोने के टॉप्स और ईयरिंग, चांदी की पायल, लच्छा, बिछिया, करधन, नगदी रकम, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और औजार
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।
क्षेत्र में राहत की सांस
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद इस कार्रवाई से ग्रामीणों और शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।

