Gold–Silver Price Crash: सोना-चांदी के दामों में फिर गिरावट धड़ाम, लेकिन शेयर बाजार ने दिलाई 4.55 लाख करोड़ की कमाई
Sunday, Feb 08, 2026-08:31 PM (IST)
भोपाल: बीता सप्ताह मध्यप्रदेश समेत देशभर के निवेशकों के लिए दो अलग-अलग तस्वीरें लेकर आया। जहां कमोडिटी बाजार में सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से तेज गिरावट के साथ नीचे आए, वहीं शेयर बाजार ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न देकर चौंका दिया। महज पांच कारोबारी दिनों में शेयर बाजार में निवेश करने वालों की संपत्ति करीब 4.55 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। इस शानदार तेजी में सबसे बड़ा योगदान मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज का रहा, जिसने एक बार फिर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का ताज अपने नाम कर लिया।
सेंसेक्स की छलांग से बढ़ी निवेशकों की दौलत
पिछले सप्ताह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 2,857 अंक यानी 3.5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया। इस तेजी का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में इजाफा हुआ, जिससे निवेशकों को भारी मुनाफा हुआ।
बैंक, टेलीकॉम और फाइनेंस शेयर चमके
रिलायंस के अलावा LIC, Bharti Airtel, ICICI Bank, SBI और Bajaj Finance जैसे दिग्गज शेयरों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। LIC के मार्केट कैप में करीब 65 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। भारती एयरटेल की वैल्यू में 52 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा दर्ज किया गया।
आईटी सेक्टर रहा कमजोर
जहां बाजार में हरियाली छाई रही, वहीं IT सेक्टर निवेशकों को निराश करता नजर आया। TCS का मार्केट कैप करीब 88 हजार करोड़ रुपये घट गया। Infosys की वैल्यू में भी लगभग 63 हजार करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
सोना-चांदी में भारी गिरावट
कमोडिटी बाजार में हालात उलट रहे। चांदी जो हाल ही में 4 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी, अब करीब 1.70 लाख रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है। वहीं सोना भी अपने उच्चतम स्तर से करीब 28 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम टूट चुका है। इससे गोल्ड और सिल्वर निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। कुल मिलाकर, बीते सप्ताह जहां सोना-चांदी ने निराश किया, वहीं शेयर बाजार ने निवेशकों को जमकर मालामाल कर दिया।

