Punjab Kesari MP ads

भिंड में हादसा ! तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, महिला की दम घुटने से मौत, 3 की हालत गंभीर ; लाखों का सामान जलकर राख

Wednesday, Apr 15, 2026-11:32 AM (IST)

भिंडः मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार देर रात एक इमारत में आग लग गई, जिसमें दम घुटने से 53 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई तथा उसके परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के गोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोरसा रोड स्थित एक फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में रात करीब डेढ़ बजे आग लगने की इस घटना में लाखों का सामान भी जलकर खाक हो गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही भिंड, मेहगांव और गोरमी से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि तब तक शोरूम में रखा लाखों रुपये का लकड़ी का फर्नीचर एवं पेंट पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। उन्होंने बताया कि इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर शोरूम का मालिक और उनका परिवार रहता था जबकि जमीन और पहले तल पर फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक के शोरूम था।

शर्मा ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उसने ऊपरी मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में धुएं के कारण दम घुटने से शोरूम के मालिक अरुण उपाध्याय की पत्नी सुनीता उपाध्याय की मौत हो गई जबकि खुद अरुण, उनके पुत्र वासु और नौ वर्षीय पोता लकी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए भिंड जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News