चलती बस का अचानक फटा टायर, मची अफरा तफरी, बाल–बाल बचे 50-60 यात्री

Wednesday, Feb 11, 2026-05:11 PM (IST)

रायसेन (शिवलाल यादव) : रायसेन थाना कोतवाली के तहत जिला मुख्यालय के सागर रोड पर बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा हादसा टल गया। सागर से भोपाल जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस का अगला टायर अचानक फट गया। उस समय बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। टायर फटते ही बस अनियंत्रित हो गई और अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस को तुरंत सड़क किनारे रोक लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

PunjabKesari

घटना सागर रोड स्थित विद्युत ग्रामीण कार्यालय पाटनदेव के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी।तभी जोरदार धमाके की आवाज आई। आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों में दहशत फैल गई। गैरतगंज से भोपाल जा रहे यात्री तीरथ सिंह और सौरभ जैन ने बताया कि अचानक हुए धमाके से कुछ क्षणों के लिए लगा जैसे बस पलट जाएगी। बस रुकने के बाद ही पता चला कि अगला टायर फट गया है। टायर बदलने में काफी समय लगने से यात्रियों को सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते बस नियंत्रित हो गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

जिले में यह कोई पहली घटना नहीं है। 13-14 जनवरी की मध्य रात्रि इंदौर-रीवा बस में अचानक आग लग गई थी, जिसमें करीब 50 यात्री सवार थे। एक ट्रक चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते नीचे उतार लिया गया, लेकिन बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी।वहीं मंगलवार देर शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई थी। जिसे एक नाबालिग चला रहा था। लगातार हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं ने जिला परिवहन विभाग (आरटीओ) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

PunjabKesari

आरटीओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरटीओ जगदीश भील द्वारा वाहनों की नियमित जांच नहीं की जा रही है और न ही ओवरस्पीड व फिटनेस नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। चालकों पर प्रभावी कार्रवाई और जुर्माना न होने से जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही है। बहरहाल अब देखना होगा कि प्रशासन इन घटनाओं से सबक लेकर परिवहन व्यवस्था पर सख्ती बरतता है या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News