हैंडपंप से पानी भरने गई थी महिला, अचानक गिर गया आम का पेड़, हालत गंभीर..
Thursday, Jun 05, 2025-02:44 PM (IST)

सीधी। (सूरज शुक्ला): मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम खड़बड़ा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जब पानी भरने हैंडपंप पर गई एक महिला पर भारी-भरकम आम का पेड़ गिर गया। तेज आंधी और बारिश के कारण एक विशाल आम का पेड़ टूटकर महिला पर आ गिरा। महिला की पहचान 34 वर्षीय सुनीता पटेल के रूप में हुई है, जो पानी भरने घर से कुछ दूरी पर स्थित हैंडपंप पर गई थी। तेज हवा के झोंकों के साथ पेड़ जैसे ही टूटा, वह सीधे सुनीता पर आ गिरा, जिससे वह पेड़ के नीचे दलदली जमीन में एक फीट गहराई तक दब गई।
हादसे के बाद महिला करीब 40 मिनट तक बेहोश और बेसहाय अवस्था में पेड़ के नीचे दबी रही। जैसे ही यह सूचना उनके पति अभिषेक पटेल को मिली, उन्होंने तुरंत गांव वालों को बुलाया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत करते हुए कुल्हाड़ी और अन्य औजारों की मदद से पेड़ की टहनियां और तना काटा तथा मिट्टी हटाकर महिला को बाहर निकाला।
महिला के सिर, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। सीधी के सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे ने बताया कि महिला की हालत अब स्थिर है, लेकिन शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट के संकेत मिले हैं। एक्स-रे और सोनोग्राफी रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।