50 हजार की रिश्वत ने देने पर प्रधान आरक्षक ने झूठे केस में फंसाने की दी धमकी, परेशान युवक ने की आत्महत्या

Saturday, Jan 31, 2026-06:23 PM (IST)

अंबिकापुर (सोनू केदार) : छत्तीसगढ़ के लखनपुर थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आशीष मिंज के रूप में हुई है। मामले में लखनपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पन्नालाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया गया है।

परिजनों का आरोप है कि प्रधान आरक्षक पन्नालाल ने आशीष मिंज से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रकम नहीं देने पर उसे उसकी प्रेमिका की आत्महत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते आशीष मिंज बुरी तरह टूट गया और आखिरकार उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक पन्नालाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और आम नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News