लोकायुक्त के बिछाए जाल में फंसे राजस्व विभाग के आरआई, रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Tuesday, Feb 24, 2026-03:50 PM (IST)

मुरैना (रानू शर्मा) : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के एक आरआई (राजस्व निरीक्षक) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुरैना तहसील कार्यालय में की गई, जहां आरोपी अधिकारी फरियादी से दूसरी किस्त के रूप में एक हजार रुपए ले रहा था। लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने पहले से जाल बिछाकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

जाति प्रमाण पत्र के बदले मांगी थी दो हजार की रिश्वत

जानकारी के अनुसार फरियादी संतोष कुशवाहा ने आरोप लगाया था कि जाति प्रमाण पत्र बनाने की एवज में आरआई ने दो हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पहले चरण में एक हजार रुपए आरोपी द्वारा ले लिए गए थे, जबकि शेष एक हजार रुपए की मांग लगातार की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ग्वालियर ने मामले की जांच कर ट्रैप प्लान तैयार किया।

दूसरी किस्त लेते ही दबोचा गया आरोपी

लोकायुक्त टीम ने योजना के तहत फरियादी को शेष एक हजार रुपए लेकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरआई ने दूसरी किस्त के रुपए लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। आरोपी का नाम राकेश जैन बताया जा रहा है, जो मुरैना तहसील कार्यालय में पदस्थ था।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता से जुड़े कार्यों में रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News